करछना। मजदूर की मौत के बाद उसके घर के पास मौजूद लोग
थाना क्षेत्र के भीरपुर चौकी अंतर्गत बीरपुर गांव में मजदूरी के दौरान एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान करछना गांव निवासी 58 वर्षीय लल्लू राम प्रजापति के रूप में हुई है।
लल्लू राम शनिवार सुबह बीरपुर गांव में निर्माणाधीन एक मकान में मजदूरी करने गया था। काम के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए भीरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान सूचना मिलने पर परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो वहां एक वाहन में लल्लू राम का शव रखा था। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।