प्रयागराज। पीएफ घोटाले के विरोध में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के आह्वान पर बृहस्पतिवार को जेई संवर्ग के अभियंताओं ने कार्य बहिष्कार आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। अभियंताओं ने कहा कि जबतक सरकार पीएफ की धनराशि वापस करने की जिम्मेदारी नहीं ले लेती तबतक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इससे पहले अभियंताओं ने जार्ज टाउन से सिविल लाइंस चौराहे तक शांति मार्च निकाला।
अभियंताओं ने बृहस्पतिवार को दूसरे दिन पीएफ घोटाले के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की तादाद में कर्मचारी इस घोटाले के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। पुरानी पेंशन योजना को फिर से बहाल करने का भी मुद्दा उठाया गया। प्रदर्शन के बाद हुई सभा में संगठन के अध्यक्ष अजीत पटेल ने पीएफ के भुगतान की जिम्मेदारी लेने के लिए यूपी सरकार से गजट नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की।
सचिव आशीष सिंह ने इस मुद्दे पर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। कर्मचारियों के खून-पसीने की कमाई का पैसा सरकार ने असुरक्षित हाथों में निवेश कर भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। महामंत्री राजीव मिश्रा ने कहा कि सरकार को पीएफ की डूबी धनराशि की सुरक्षा गारंटी के लिए नोटिफिकेशन जारी करना चाहिए। इस मौके पर आरके राव, श्रीपति तिवारी, शंकर, राहुल, आलोक, अमित, फूलचंद, प्रशांत, मधुवन समेत तमाम जेई उपस्थित थे।