काम पर नहीं लौटे जूनियर डॉक्टर, निकाला कैंडल मार्च
प्रयागराज। स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में जूनियर डॉक्टरों की चल रही हड़ताल शनिवार को भी जारी है। जूनियर डॉक्टर ओपीडी, आइपीडी और इलेक्टिव कार्यों से दूर रहे। इस कारण अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नीट पीजी काउंसलिंग नहीं शुरू होने से नाराज जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी। उनकी हड़ताल जारी रहेगी। हालांकि इमरजेंसी सर्विसेज पहले की तरह ही जारी रहेगी।
जूनियर डॉक्टरों ने बताया कि कोविड वार्ड शुरू हो गए हैं। अस्पताल में आने वाले दिनों में सिर्फ द्वितीय वर्ष के जूनियर डॉक्टर ही बचेंगे। ऐसे में अगर कोरोना की दूसरी लहर जैसी हालत बनती है, तो नीट काउंसलिंग फिर टल जाएगी। जिसके बाद अस्पताल में काम करने के लिए जूनियर डॉक्टर ही नहीं रहेंगे। दूसरी तरफ दिन भर हड़ताल पर रहने के बाद शाम को जूनियर डॉक्टरों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कैंडल मार्च निकाला। जूनियर डॉक्टरों का कैंडल मार्च एसआरएन से शुरू होकर मेडिकल कॉलेज पहुंच कर समाप्त हो गया। उन्होंने बताया कि रविवार को भी उनकी हड़ताल जारी रहेगी।