इलाहाबाद (ब्यूरो)। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षाधिकारियों से उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए विज्ञान-गणित शिक्षकों के 29334 पदों की सात चक्रों की काउंसलिंग कटऑफ मेरिट तथा जिले में उपलब्ध रिक्तियों की सूचना एनआईसी की वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा है। सचिव ने यह आदेश प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा की ओर से 17 जून को जारी उस आदेश के बाद किया है, जिसमें आरक्षित वर्ग में टीईटी में 82 अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को मौका देेने का निर्णय लिया गया था।
सचिव ने 82 अंक वाले उन अभ्यर्थियों को फार्म भरने का अवसर देने का निर्णय लिया है जो पूर्व में आवेदन नहीं किए हैं। सचिव ने 27 जून तक अंतिम काउंसलिंग का विवरण एवं कटऑफ जारी करने का निर्देश दिया है। प्रदेश सरकार के इस निर्णय के बाद अब विज्ञान-गणित शिक्षकों की भर्ती एक बार फिर पिछड़ सकती है। शासन की ओर से प्रोफेशनल डिग्री वाले अभ्यर्थियों को भर्ती में मौका देने के निर्णय के बाद चयनित शिक्षकों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने का मामला पिछड़ सकता है।