कुंभ से पहले शहर के जंक्शन, चंद्रलोक और बिजली घर (फायर ब्रिगेड) चौराहे पर सौ फीट ऊंचा तिरंगा लहराएगा। चौराहे आकर्षक रोशनी से भी जगमग होंगे। नगर निगम ने इसका काम शुरू करा दिया है। 24 लाख रुपये से होने वाले इस काम को 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने पार्षद कुसुम लता के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए कुंभ से पहले शहर के पांच चौराहों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने का प्रस्ताव तैयार कराया। नगर निगम का विद्युत विभाग ध्वज स्थापना का काम करेगा। इसके लिए प्रथम चरण में 24 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन तीन चौराहों के अलावा अन्य के प्रस्ताव लंबित हैं। सुभाष चौराहे पर तिरंगा लगाने की योजना है, जिसके प्रस्ताव को अभी मंजूरी नहीं मिली है। चंद्रशेखर आजाद पार्क के सामने स्थान की कमी बाधा बनी है।
योजना के मुताबिक चंद्रलोक चौराहे के साथ जंक्शन के बाहर और बिजली घर चौराहे पर राष्ट्रीय ध्वज स्थापना का काम शुरू कर दिया गया है। चंद्रलोक चौराहे पर प्लेटफार्म भी बनकर तैयार है। अन्य चौराहों पर काम तेज किया गया है। मुख्य अभियंता सतीश कुमार के मुताबिक राष्ट्रीय ध्वज स्थापना का काम 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी से कहा है कि कुंभ और स्वच्छता संबंधी जानकारी देने के लिए शहर के हर प्रमुख स्थानों पर एयर बैलून लगाए जाएं। निर्देश के अनुपालन में प्रयोग के तौर पर 30 स्थलों का चयन किया गया है। एक बैलून की स्थापना और रखरखाव का अनुमानित खर्च 25 से 30 हजार रुपये आएगा। माना जा रहा है कि कुंभ के पहले स्नान पर्व से पहले नगर निगम एयर बैलून की योजना को अमल में लाएगा।