प्रयागराज जंक्शन में जोधपुर एक्सप्रेस को लेकर आने वाली महिला लोको पायलट का सम्मान किया गया । सं
जोधपुर से हावड़ा जाने वाली जोधपुर एक्सप्रेस की कमान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के हाथ रही। टूंडला से कानपुर, कानपुर से प्रयागराज एवं प्रयागराज से पंडित दीन दयाल उपाध्याय तक इस ट्रेन का संचालन महिलाओं ने किया। ट्रेन की सुरक्षा का दायित्व भी महिला आरपीएफ कर्मियों के पास रहा।
ट्रेन जब सुबह टूंडला पहुंची तो वहां स्टेशन मास्टर शशी, वरिष्ठ लोको पायलट पूजा कुमारी, ट्रेन मैनेजर रेणुका, और प्वाइंटसमैन अर्चना सिंह ने इसे संचालित किया। कानपुर से वरिष्ठ लोको पायलट प्रगति कुशवाहा, वरिष्ठ लोको पायलट अंजलि भारती, ट्रेन मैनेजर अंजलि ने कमान संभाली। शाम 4.30 बजे जोधपुर एक्सप्रेस प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पर पांच पर पहुंची। यहां स्टेशन निदेशक वीके द्विवेदी और मुख्य क्रू नियंत्रक वासुदेव पांडेय आदि ने महिला रेेलकर्मियों का पुष्प गुच्छ के साथ स्वागत किया।
यहां वरिष्ठ लोको पायलट निधि शुक्ला और सुष्मिता ने ट्रेन की कमान संभाली। जबकि स्नेहलता ने ट्रेन मैनेजर की जिम्मेदारी निभाई। आरपीएफ की दीप्ति कुमारी, नेहा, कविता कुमारी, नेहा राज एवं रेखा ने ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। लोको पायलट निधि शुक्ला अब तक एक लाख किमी और सुष्मिता 60 हजार किमी ट्रेन का संचालन कर चुकी हैं।
महाकुंभ के दौरान भी इन दोनों सीनियर लोको पायलट ने बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन किया था। दूसरी ओर पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा बनारस से झूंसी के बीच चलाई गई मेमू ट्रेन का संचालन सीनियर लोको पायलट नीतू बाला ने किया। झूंसी स्टेशन पर उनका स्वागत किया गया।