प्रयागराज। फर्जी अंकपत्र लगाने वाली महिला के आंगनबड़ी सहायिका पद पर नियुक्त करने के आरोप में जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश पर कर्नलगंज थाने में यह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
रिपोर्ट थरवई निवासी इंद्रेश कुमार की तहरीर पर दर्ज की गई है। उसका आरोप है कि पिछले साल जनवरी में उसके गांव सेमरी में ही रहने वाली संगीता वर्मा आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्त हुई। आरोप है कि उसने फर्जी मार्कशीट लगाकर नियुक्ति पाई थी जिसकी शिकायत के बावजूद बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की। आरटीआई से मांगी गई सूचना पर डीआईओएस कार्यालय से भी बताया गया कि संबंधित अंकपत्र व टीसी स्कूल के अभिलेखों में दर्ज नहीं है। शिकायत डीपीओ से भी की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने कोर्ट में अर्जी देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर डीपीओ, बालविकास परियोजना अधिकारी व आंगनबाड़ी सहायिका पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।