Prayagraj News : सर्किट हाउस में लोगों से बातचीत करते मंत्री जयवीर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि संगम की धरती पर 2025 में आयोजित होने वाला महाकुंभ अभूतपूर्व होगा। उन्होंने कहा है कि महाकुंभ को लेकर सरकार तैयारियों में जुट गई है। महाकुंभ की तैयारी के लिए सरकार ने 100 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया है। पर्यटन और संस्कृति मंत्री ने कहा है कि संगम नगरी में जल्द ही हेलीपोर्ट और वाराणसी की तर्ज पर संगम में क्रूज चलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश को छह हेलीपोर्ट दिए हैं। कुंभ से पहले जल मार्ग से यातायात का परिवहन शुरू भी हो सकेगा। ऐसी तैयारी हो रही है। इसके साथ ही गंगा एक्सप्रेस वे के बन जाने से संगम नगरी प्रयागराज की दिल्ली और अन्य शहरों की दूरी भी कम हो जाएगी।
इस मौके पर पर्यटन और संस्कृति मंत्री ने बताया कि फाफामऊ में गंगा नदी पर बना ब्रिटिश कालीन कर्जन पुल को पर्यटन विभाग ने धरोहर के रूप में लिया है। रेलवे ने इसे निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया था। कर्जन पुल को पर्यटन विभाग द्वारा गंगा गैलरी और म्यूजियम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही इसे पर्यटक सुविधा केंद्र के रूप में भी विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा है कि महाकुंभ के पहले आधुनिक तकनीक के आधार पर इसे पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।