फूलपुर कोतवाली के सामने सड़क पर लगा जाम।
सहालग के चलते शुक्रवार को फूलपुर कस्बा दिनभर जाम से जूझता रहा। प्रयागराज–जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रतापपुर रोड और कस्बे के मुख्य बाजार में सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ने लगा, जो दोपहर तक जाम में बदल गया। हालात ऐसे रहे कि कई जगह पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया। वहीं मेजारोड चौराहे पर एक एंबुलेंस फंस गई। इससे मरीजों सहित राहगीरों को काफी परेशानी हुई। एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय ने बताया कि चौराहों पर जाम न लगे, इसके लिए पुलिस फोर्स नियमित लगाई जा रही है। फिलहाल सड़क की पटरियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने का प्रयास किया जाएगा।
मंसूराबाद में राहगीर परेशान, कारोबार हो रहा प्रभावित
मंसूराबाद। स्थानीय बाजार में सड़कों पर बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। मुख्य मार्गों और बाजार के आसपास सड़क किनारे अवैध पार्किंग होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। सुबह और शाम के समय हालात और अधिक खराब हो जाते हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां घंटों सड़क पर खड़ी कर देते हैं, घर चले जाते हैं जिससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम के कारण एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं को भी निकलने में दिक्कत होती है।
फूलपुर कोतवाली के सामने सड़क पर लगा जाम।