कुंभ की तैयारियां शहरियों पर भारी पड़ रही हैं। शहर भर में एक साथ शुरू किया गया सड़कों का चौड़ीकरण और अन्य कार्यों के लिए की जा रही खोदाई बारिश में भारी पड़ रही है। जगह-जगह खोदाई हो रही है लेकिन विभागों में तालमेल न होने से जाम की समस्या ने विकराल रुप धारण कर लिया है। बुधवार को निरंजन डॉट पुल और सीएमपी क्रॉसिंग के रास्ते पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सड़कों पर कहीं बड़े-बड़े गड्ढे तो कहीं बेतरतीब फैली गिट्टियां हादसों का कारण बन रही हैं। संबंधित विभागों के अफसर स्थिति जानते हुए भी सिर्फ दौरे कर रहे हैं, शहरियों की परेशानी कैसे हल हो इस बारे में उनकी कोई योजना नहीं है।
शहर में लगभग रह मुख्य सड़क ऊबड़खाबड़ हैं। फुटपाथ भी खोद कर छोड़ दिए गए हैं। फुटपाथ से सड़क तक जहां तहां फैली गिट्टियां फैली देखी जा सकती हैं। जहां ये काम नहीं हो रहे वहां गंगा प्रदूषण की ओर से किया गया सीवरेज कार्य परेशानी का कारण बना है। ओवरब्रिज आदि के निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं, लेकिन संबंधित रास्ते वाराणसी हादसे के बाद से पूरी तरह से बंद हैं। कुंभ के इन कार्यों को कराने में एडीए, नगर निगम, जल निगम, सेतु निगम एक साथ जुटे हैं, लेकिन आपसी तालमेल न होने से सभी स्थानों पर एक साथ खोदाई शुरू करा दी गई। अब इसका खामियाजा शहरियों को भुगतना पड़ रहा है। ठेकेदार भी अपनी सुविधा के मुताबिक काम करा रहे हैं। एक दिशा में खोदाई का काम पूरा हुए बगैर दूसरी दिशा से भी खोदाई शुरू करा दी जाती है। इससे शहर भर में दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है।
बुधवार को पानी टंकी चौराहा, जानसेनगंज से बिजली घर चौराहा और सीएमपी क्रॉसिंग से बैरहना चौराहा और अलोपीबाग मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। सुबह बारिश राह में बाधा बनी तो दोपहर बाद जाम के कारण स्कूली बच्चे परेशान हुए। एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में दोपहिया वाहन चालकों की मनमानी जाम का झाम बढ़ाती रही। दोनों स्थानों पर तीन बजे के बाद किसी तरह वाहन निकाले गए। तब स्थिति कुछ नियंत्रण में आई लेकिन शाम को दफ्तर छूटने के समय से सात बजे तक वाहन रेंगते ही रहे। पुराने शहर या नैनी से सिविल लाइंस की तरफ आने के लिए सीएमपी क्रॉसिंग और निरंजन डॉट पुल के नीचे वाली सड़क ही विकल्प है। यहां सुबह से शाम तक जाम की स्थिति लोगों की बड़ी परेशानी बनी है। वहीं, रामबाग में भी लोग घंटों जाम में फंसे रहे। दुकानदार प्रिंस गुप्ता ने बताया कि ठेकेदार ने करीब 10 दिन पहले बड़ा गड्ढा खोद दिया है। इसके कारण आए दिन वहां दुर्घटनाएं हो रही हैं।