फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयकारों के बीच पूजी गईं जगदंबा

Sun, 10 Apr 2016 02:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
नवरात्र - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शनिवार को शक्तिपीठों में देवी के ब्रह्मचारिणी स्वरूप का पूजन अर्चन किया गया। जयकारों के बीच देवी के शृंगार दर्शन के लिए तांता लगा रहा। मंदिरों में शतचंडी पाठ, दुर्गा सप्तशती पाठ जैसे अनुष्ठान भी हुए। मंगला आरती के बाद पूजन, दर्शन को श्रद्धालुओं के आने का क्रम आरंभ हुआ तो देर रात तक चलता रहा।
विज्ञापन


 मीरापुर स्थित सिद्धपीठ ललिता देवी मंदिर में देवी का बहुरंगी फूलों, स्वर्णाभूषणों से ब्रह्मचारिणी स्वरूप में शृंगार किया गया। मंदिर परिसर में दुर्गा सप्तशती पाठ भी हुए। शतचंडी महायज्ञ में मुख्य यजमान संजीव अग्रवाल ने आचार्यों के निर्देशन में आहुतियां डालीं। मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा और महामंत्री धीरज नागर की देखरेख में सदस्यों ने व्यवस्था संभाली। भोग प्रसाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।

 सिद्धपीठ कल्याणी देवी मंदिर में देवी का ब्रह्मचारिणी स्वरूप में शृंगार किया गया। अलग-अलग कतारों में महिलाओं, पुरुषों ने जयकारे लगाते हुए दर्शन किया। शाम से ही शृंगार दर्शन को भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिर के बाहर सजावटी सामानों तथा बच्चों के खेल खिलौनों की दुकानें लगीं। समिति के सुशील पाठक की देखरेख में परिसर में विभिन्न संस्कार भी हुए। 
विज्ञापन


चौक गंगादास स्थित मां खेमामाई मंदिर में देवी का नवदुुर्गा स्वरूप में शृंगार हुआ तो देवीगीतों की गूंज भी रही। सिविल लाइंस रोडवेज के सामने स्थित सिद्धेश्वरी गुप्त महापीठ में पीठाधीश्वर आचार्य कुशमुनि की देखरेख में अनुष्ठान हुए। वहीं मुट्ठीगंज कालीबाड़ी, कर्नलगंज कालीबाड़ी, कटरा कालीबाड़ी, सिविल लाइंस हनुमत निकेतन, हाईकोर्ट हनुमान मंदिर की देवी दुर्गा, हाईकोर्ट पानी टंकी अष्टभुजी मंदिर, समिया माई मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में आरती, अनुष्ठान जारी रहा।

सिद्धपीठ अलोपीदेवी मंदिर में भी पूजन और निशान चढ़ाने को श्रद्धालु ग्रामीण क्षेत्रों से आए। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मुंडन-छेदन कराए गए। फिर देवी को भोग प्रसाद अर्पित किया गया। कइयों ने तो परिसर में ही प्रसाद तैयार किया। प्रधान पुजारी शिवानंद गिरि की देखरेख में रात शृंगार आरती हुई। पूजन अर्चन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें