Jack sparrow arrived at SP Marg in Allahabad.
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। हर मुश्किल घड़ी में परेशानी को चकमा देकर निकल जाने का नाम जैक स्पैरो है। हॉलीवुड की ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ फिल्म सिरीज का यह नायक सिविल लाइंस, सरदार पटेल मार्ग में भी पहुंच चुका है। पीडीए ने सड़क के किनारे बने वॉक स्ट्रीट पर करीब 15 फीट ऊंची मेटल स्क्रैप से बने जैक स्पैरो का खूबसूरत स्क्रप्चर लगाया है। जैक यहां अपने खास अंदाज में तलवार और बंदूक से लैस दिखते हैं। वह यहां अकेले नहीं हैं बल्कि इसी स्ट्रीट में उनका साथ देने हॉलीवुड का दूसरा चर्चित किरदार घोस्ट राइडर भी मौजूद है।
पीडीए ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पिछले साल सरदार पटेल मार्ग एवं आसपास के इलाके को नए कलेवर में ढालने का काम शुरू किया था। करीब बीस करोड़ रूपये की लागत से सड़क का पुर्ननिर्माण हुआ। सड़क की चौड़ाई 18 मीटर से बढ़ाकर 30 मीटर करने के साथ बिजली के तार अंडरग्राउंड किए गए। दुकानों का बाहरी रंग एक किया गया। सड़क के बगल में वॉक स्ट्रीट बनाई गई। इसे वेस्टर्न लुकदेने को एंटीक लाइट, बेंच लगवाई गई। तत्कालीन वीसी भानुचंद्र गोस्वामी ने यहां लगाने के लिए खास डिजाइन के दो स्क्रप्चर भी तैयार करवाए। इनमें एक जैक स्पेरो का जबकि दूसरा घोस्ट राइडर का है। यह दोनों ही हॉलीवुड फिल्मों के प्रसिद्घ किरदार हैं। कुछ दिन पहले दोनों स्क्रप्चरों को यहां लगा दिया गया। जैक स्पेरो का स्क्रप्चर करीब 15 फीट ऊंचा है जबकि घोस्ट राइडर करीब 12 फीट लंबा है। दोनों ही करीब आठ टन वजनी हैं। जैक का स्क्रप्चर लाल बहादुर शास्त्री चौराहे पर वहीं, घोस्ट राइडर हॉटस्टफ चौराहे से थोड़ा आगे लगा है। इनको बनाने वाले मथुरा के श्रीराम इंटरप्राइजेज के निदेशक सिंकदर सिंह के मुताबिक यह दोनों मेटल स्क्रैप से बने हैं। करीब 9 लाख की लागत वाले इन दोनों स्क्रप्चर को बनाने में करीब तीन माह का समय लगा। इनको काफी पहले लगाया जाना था लेकिन लोस चुनाव की आचार संहिता के चलते काम पिछड़ गया। कुछ दिन पहले ही इनको यहां लगाया गया है।