इलाहाबाद (ब्यूरो)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों से शैक्षिक सत्र 2015-16 के नौवीं एवं ग्यारहवीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया है। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक ने स्कूलों से www.cbse.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण बिना विलंब शुल्क के 10 अक्तूबर तक पूरा कराने को कहा है। परीक्षा नियंत्रक केके चौधरी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूल अपने पासवर्ड एवं मान्यता क्रमांक को यूजर आईडी के जरिए पंजीकरण पूरा करें।
नई मान्यता वाले स्कूल पासवर्ड के लिए सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। स्कूलों से नौवीं और ग्यारहवीं के छात्रों के रिकार्ड को पूरी सावधानी से भरने को कहा गया है। नौवीं में पंजीकरण के लिए स्कूल उन्हीं विषयों को ऑनलाइन रजिर्स्टड करें जिसकी उन्हें अनुमति मिली है। नौवीं में पंजीकृत होने वाले छात्रों की आयु एक अक्तूबर 2015 को 13 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।