इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ईसीसी प्रवेश (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इविंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सात अगस्त से शुरू की जाएगी और आठ अक्तूबर से नए सत्र की शुरुआत हो जाएगी। यह निर्णय महाविद्यालय की परीक्षा समिति की बैठक में लिया गया। प्रवेश समिति के अध्यक्ष डॉ. जस्टिन मसीह के अनुसार प्रवेश के लिए ऑनलाइन फॉर्म सात अगस्त से महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे।
कोविड के कारण ईसीसी में भी नया सत्र तेजी से पिछड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण मोजेज की अध्यक्षता में हुई बैठक में न सिर्फ प्रवेश कार्यक्रम निर्धारित किया गया, बल्कि प्रवेश परीक्षा, नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं की असेंबली और नया सत्र शुरू करने की तिथि भी तय कर दी गई। अगर प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सबकुछ ठीक समय पर हुआ तो कॉलेज में नए सत्र की कक्षाएं आठ अक्तूबर से शुरू कर दी जाएंगी। बैठक में औनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2021 निर्धारित की गई है।
यह भी तय हुआ कि प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए 25 सितंबर 2021 की तिथि प्रस्तावित की गई है। प्रवेश परीक्षा से संबंधित अन्य सूचनाएं समय-समय पर महाविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएंगी। 30 सितंबर 2021 को प्रवेश परीक्षा का परणिाम घोषित कर दिया जाए। एक अक्तूबर 2021 से चयनित और चार अक्तूबर से प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों का प्रवेश लिया जाएगा। सात अक्तूबर को असेंबली होगी और आठ अक्तूबर अक्टूबर से नये सत्र की कक्षाएं आरंभ हो जाएंगी। गणित विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्रवेश समिति के समन्वयक डॉ. अनिल कुमार शुक्ल ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम में किसी भी प्रकार का संशोधन होने पर महाविद्यालय की वेबसाइट पर सूचना दी जाएगी।