दक्षिण भारत दर्शन का सफर होगा कूल-कूल
आईआरसीटीसी की भारत दर्शन ट्रेन में रहेंगे अब एसी कोच भी, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन आएगी ट्रेन
प्रयागराज। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) दक्षिण भारत के लिए अब एसी ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन 28 अप्रैल को रवाना होगी जो आठ मई को वापस आएगी। इस दौरान ट्रेन के माध्यम से लोग रामेश्वरम, मदुरई (मीनाक्षी मंदिर), कोवलम बीच, तिरुवनंतपुरम (पद्मनाभम् मंदिर), तिरुपति में श्री पद्मावती मंदिर, श्री कपिलेश्वरा स्वामी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, श्री कालाहस्ती मंदिर एवं मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (कुरनूल टाउन) आदि धार्मिक स्थल जा सकेंगे।
इस ट्रेन में एसी के अलावा स्लीपर कोच भी रहेंगे। एसी थ्री कोच में सफर के लिए यात्रियों को 28750 एवं स्लीपर श्रेणी में सफर के लिए 20440 रुपये देने होंगे। ट्रेन प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन भी आएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा के अनुसार प्रयागराज संगम के अलावा ट्रेन में बैठने की सुविधा गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, झांसी और कानपुर से भी रहेगी।