हाई सिक्योरिटी जोन में की गई थी कमांडर वर्क इंजीनियर की हत्या
मध्य वायु कमान कैंपस के भीतर कमांडर वर्क इंजीनियर सत्येंद्र नारायण मिश्रा की 29 मार्च को भोर में 3.15 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चार अप्रैल को पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया था। पुलिस ने दावा किया कि सैन्य कॉलोनी में चोरी की नीयत से घुसे चोर ने सैन्य अधिकारी के जाग जाने पर उन्हें गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
खुलासे पर पत्नी ने उठाए थे सवाल, कहा- साजिशन की गई है हत्या
कमांडर वर्क इंजीनियर की पत्नी वत्सला मिश्रा ने मीडिया को जारी बयान में कहा है कि वायु सेना स्टेशन बमरौली के आधिकारिक आवास में 29 मार्च की सुबह लगभग 3:15 बजे उनके पति की हत्या कर दी गई, जबकि यह अत्यधिक सुरक्षित सैन्य क्षेत्र का हिस्सा है। इससे पहले 14 मार्च की रात भी घुसपैठ की कोशिश की गई थी। इसके बाद उनके पति ने वायु सेना के अधिकारियों को सतर्क करते हुए अपनी सुरक्षा की चिंता जताई थी। औपचारिक रूप से सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध भी किया था। पुलिस ने जो दावा किया है उसमें सच्चाई नहीं है। हत्या के पीछे गहरी साजिश है।