फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPPSC : जून के मध्य में होगा एपीओ के पदों पर इंटरव्यू, यूपीपीएससी ने जारी की संभावित साक्षात्कार की सूचना

Fri, 26 May 2023 05:25 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

यूपीपीएससी ने 24 मई को ही एपीओ मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया और अगले दिन यानी बृहस्पतिवार को संभावित साक्षात्कार की सूचना जारी कर दी। एपीओ के 69 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा में 220 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती-2022 की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार जून के मध्य में होगा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने संभावित साक्षात्कार की सूचना जारी की है। इसके साथ ही संयुक्त निदेशक (मूल्यांकन) और चिकित्साधिकारी के पदों पर भी इसी माह भर्ती होगी।

विज्ञापन


यूपीपीएससी ने 24 मई को ही एपीओ मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया और अगले दिन यानी बृहस्पतिवार को संभावित साक्षात्कार की सूचना जारी कर दी। एपीओ के 69 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा में 220 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। ये अभ्यर्थी अब इंटरव्यू में शामिल होंगे और इसके बाद अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा।

इसके अलावा जून के मध्य में दो अन्य प्रकार के पदों पर सीधी भर्ती के लिए भी इंटरव्यू होंगे। मूल्यांकन प्रभाग राज्य नियोजन संस्थान, उत्तर प्रदेश में संयुक्त निदेशक (मूल्यांकन) के एक पद और चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश में चिकित्साधिकारी (ग्रेड-2) (स्तर-2) माइक्रो बायोलॉजिस्ट के आठ पदों पर भर्ती के लिए भी इंटरव्यू जून के मध्य में आयोजित किए जाएंगे।

विज्ञापन

स्टाफ नर्स के चयनितों का अभिलेख सत्यापन पांच से

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्टाफ नर्स (पुरुष) परीक्षा-2017 पुनर्विज्ञापन-2022 में चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अभिलेख सत्यापन पांच, छह, सात व आठ जून को होगा।

स्टाफ नर्स (पुरुष), चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग में चयनित अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन पांच जून को दो सत्रों में सुबह 9.30 बजे और अपराह्न 1.30 बजे से और छह जून को सुबह 9.30 बजे से होगा। वहीं, स्टाफ नर्स (पुरुष) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में चयनित अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन छह जून को अपराह्न 1.30 बजे, सात जून को सुबह 9.30 बजे एवं अपराह्न 1.30 बजे और आठ जून को सुबह 9.30 बजे से होगा।

आयोग ने आठ मई को स्टाफ नर्स भर्ती का परिणाम जारी किया था। 558 पदों पर भर्ती के लिए केवल 275 अभ्यर्थियों को ही सफल घोषित किया गया था। सफल अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन के लिए आयोग परिसर स्थित सरस्वती भवन में बुलाया गया है। अभ्यर्थियाें को ऑनलाइन फॉर्म सेट की मुद्रित कॉपी लानी होगी।

इसके अलावा शैक्षिक अर्हता से संबंधित सभी अंकतालिकाओं/उपाधियों, संविदा के आधार पर कार्य करने संबंधी अनुभव प्रमाणपत्र एवं आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां भी अपने साथ लानी हैं। मूल प्रमाणपत्रों की जांच के बाद ही आयोग अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति शासन को प्रेषित करेगा।

असिस्टेंट प्रोफेसर एनेस्थीसियोलॉजी के सात पदों पर चयन

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर एनेस्थीसियोलॉजी के 12 पदों पर सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। आयोग ने सात पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया है।

असिस्टेंट प्रोफेसर एनेस्थीसियोलॉजी के 12 पदों में पांच पद अनारक्षित, चार पद अन्य पिछड़ा वर्ग, दो पद अनुसूचित जाति और एक पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है। इन पदों पर भर्ती के लिए 19 मई को साक्षात्कार आयोजित किया गया था। अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण अनुसूचित जाति श्रेणी के दोनों पद और अन्य पिछड़ा वर्ग के तीन पद खाली रह गए।

आयोग के संयुक्त सचिव विनोद कुमार सिंह के अनुसार रिक्त रह गए पांचों पदों को पुनर्विज्ञापित किए जाने की संस्तुति की गई है। अंतिम रूप से जिन अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है, उनमें अभय राज यादव, सिद्धार्थ सिसोदिया, विनीत मिश्र, दीपिका चौबे, क्रोची पाल, प्रवीण पांडेय और सुप्रिया शामिल हैं।
विज्ञापन

प्रवक्ता बीएड के पद पर नमिता का चयन

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय महाविद्यालयों में प्रवक्ता बीएड के एक पद पर नमिता त्रिपाठी को चयनित घोषित किया है। आयोग ने राजकीय महाविद्यालयों में प्रवक्ता बीएड के 17 पदों पर सीधी भर्ती का परिणाम 18 जनवरी 2021 को घोषित किया था। अमिता सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अनारक्षित श्रेणी का एक पद रोका गया था। उच्च न्यायालय की ओर से याचिका खारिज किए जाने के बाद आयोग ने रोके गए पद का परिणाम घोषित किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें