शिक्षा और शिक्षकों के सर्वागींण विकास में कोई कसर नहीं छोडे़गी भाजपा : महेश चंद्र श्रीवास्तव
आगामी विधान परिषद इलाहाबाद-झांसी शिक्षक चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. बाबूलाल तिवारी के समर्थन में केपी कम्युनिटी हॉल में कायस्थ पाठशाला और केपी इंटर कॉलेज के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का सम्मेलन रखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता है। उससे ही देश की दिशा तय होती है। उन्हीं के सहयोग के बदौलत देश और प्रदेश में हमारी सरकार है। पार्टी ने शिक्षकों का सम्मान हमेशा शिखर पर रखा है।
इस अवसर पर मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि शिक्षकों के लिए पांचवें वेतन आयोग की संस्तुति केंद्र के समान भाजपा शासन में लागू कराई गई। सरकारी पुरानी पेंशन को लागू करने पर विचार कर रही है। शिक्षकों के विकास के प्रति पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सम्मेलन में केपी ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री संतोष सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी और केपी इंटर कॉलेज, कायस्थ पाठशाला और केपी ट्रस्ट के शिक्षक मौजूद रहे।