महाकुंभ मेले व शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस ने 75 नई इंटरसेप्टर बाइकों को अपने बेड़े में शामिल किया है। महाकुंभ में पहली बार इस्तेमाल हो रहीं यह बाइकें स्पीड गन, कैमरा, जीपीएस ट्रैकर, सायरन व आधुनिक लाइटों से लैस हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर सभी बाइकें ट्रैफिक पुलिस लाइन पहुंच गईं। इन्हें अब ट्रैफिक जवानों को हैंडओवर किया जा रहा है। यातायात प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि यह बाइकें अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनकी खासियत है कि इनमें हाई क्वालिटी कैमरा, स्पीड गन, ब्रेथ एनालाइजर, सायरन, जीपीएस, वायरलेस सिस्टम आदि तकनीकें हैं। इनका उपयोग चलती बाइक से भी किया जा सकता है। इसके अलावा ये बाइकें चलते वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ने में भी सक्षम हैं। यानी अगर कोई वाहन नियमों का उल्लंघन कर रहा है तो उसकी फोटो कैप्चर हो जाएगी, जिसके बाद चालान कट जाएगा।
डायल-112 की तरह अब दौड़ेगी यातायात पुलिस
तकनीक और सुविधाओं से युक्त एक इंटरसेप्टर बाइक की कीमत तकरीबन 7.5 लाख रुपये है। इस बाइक में जीपीएस से लोकेशन ट्रैकिंग की जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, यातायात नियंत्रण के लिए इंटरसेप्टर बाइक एक प्रभावी समाधान है। वहीं, इन बाइकों के अलावा 10 इंटरसेप्टर इनोवा कारें भी आई हैं, जो डायल-112 पीआरवी की तरह हैं। इसमें भी वायरलेस और जीपीएस ट्रैकर सिस्टम दिया गया है। इसके साथ ही नो पार्किंग से वाहनों को टो करने के लिए चार व्हीकल (ट्रैक्टर) भी विभाग में शामिल हो गए हैं।