कांग्रेस में गंगापार अध्यक्ष रामकिशुन पटेल के हटाए जाने के बाद कांग्रेस में अंतर्कलह सामने आने लगी है। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हरदेव सिंह के पद से इस्तीफे के बाद सोमवार को भी शहर कांग्रेस कमेटी के दो पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। हालांकि, इस्तीफे की वजह निजी बताई जा रही है।
पार्टी के गंगापार के जिलाध्यक्ष रामकिशुन पटेल को शीर्ष नेतृत्व की ओर से हटाया जा रहा है। उनके हटाए जाने की कई वजहें बताई जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक खासकर उनके काम करने की शैली को लेकर लगातार पार्टी के भीतर शिकायतें होती रहीं।
इसी से शीर्ष नेतृत्व ने उनकी जगह पर सुरेश यादव को गंगापार का नया जिलाध्यक्ष नियुक्ति किया। नए अध्यक्ष ने प्रभार संभालते हुए पूरी कमेटी को ही भंग कर दिया लेकिन पार्टी के कई अन्य पदाधिकारियों को कहना है कि जिलाध्यक्ष को यह अधिकार नहीं है कि वह कमेटी भंग कर दे। क्योंकि, कार्यकारिणी की नियुक्ति प्रदेश कार्यकारिणी कमेटी की ओर से होता है। इसलिए हटाने का अधिकार भी उसी के पास है।
उधर, रामकिशुन पटेल के हटाए जाने से नाराज उपाध्यक्ष हरदेव सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दिया ही था। सोमवार को शहर कार्यकारिणी में शामिल सचिव अभिषेक पांडेय और उपाध्यक्ष डॉ. पूनम सिंह ने पद से इस्तीफा दिया है। इस संबंध में उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर भी जानकारी साझा की है। मामले में शहर अध्यक्ष नफीस अनवर ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों ने अपने व्यक्तिगत कारणों से पद से इस्तीफा दिया है। उसमें कोई सियासत नहीं है। डॉ. पूनम ने कहा कि कुछ निजी परेशानियों की वजह से उन्होंने पद छोड़ा है। पार्टी में इसके पूर्व इसके पूर्व इरफानुल हक, अभिन्न वार्ष्णेय और हरिचरण यादव ने भी इस्तीफा दे दिया था।
पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, ब्लॉक से लेकर न्याय पंचायत तक उतारेगी प्रत्याशी
कांग्रेस पंचायत स्तर के होने वाले चुनाव को पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया है। पदाधिकारियों के मुताबिक पार्टी ब्लॉक स्तर से लेकर न्याय पंचायत स्तर तक अपने प्रत्याशी उतारेगी। गंगापार अध्यक्ष सुरेश यादव के नेतृत्व में हुई बैठक में कहा गया कि पार्टी आगामी पंचायत चुनाव में सभी पदों पर चुनाव लड़ाएगी। निर्णय लिया गया कि चुनाव के पूर्व ही बूथ स्तर तक की कमेटियों का गठन कर लिया जाएगा। चुनाव लड़ने वाले प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक में प्रभारी बनाया जाएगा। बैठक में पीसीसी और आईसीसी के सदस्य भी शामिल रहे।