उद्योग बंधु समिति की बैठक में मिनी औद्योगिक आस्थान सोरांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यालय को दोबारा बजट प्रस्ताव भेजने और भूमि पैमाइश के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नैनी एयरोस्पेस लिमिटेड से संबंधित प्रकरण का समाधान हो जाने पर उसे समिति के अभिलेखों से हटाने की अनुमति प्रदान की गई।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में हुई बैठक में उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में राजकीय औद्योगिक आस्थान फूलपुर की भूमि से जुड़े मामले पर चर्चा हुई।
उप जिलाधिकारी फूलपुर ने बताया कि उद्योग विभाग के प्रकरण का जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र में फेटेरिया और कम्युनिटी हॉल के कमरों में खिड़की-दरवाजे लगाने का कार्य जारी होने की जानकारी दी गई।
यूपीसीडा के अधिकारियों ने सड़क पर पड़े बिजली के खंभों को जल्द हटाने का आश्वासन दिया। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने बताया कि इस संबंध में यूपीसीडा के प्रबंध निदेशक से भी बातचीत की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए ताकि जिले में औद्योगिक विकास को गति मिल सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, यूपीसीडा के प्रतिनिधि और उद्योग संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।