कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अफसरों के साथ बैठक कर एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा ने मंगलवार से कचहरी रोड पर ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित किया था। मगर सभागार में दिए गए निर्देश चंद कदम दूर कचहरी रोड पर नहीं दिखे। दिनभर ई-रिक्शे बेहिचक सड़कों पर दौड़ते रहे। वहीं, बैंक रोड चौराहे पर ऑटो-टेंपो के खड़े होने पर लगाई गई पाबंदी भी बेअसर रही।
कचहरी और आसपास लगने वाले जाम से निपटने के लिए एडीएम सिटी ने सोमवार को समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान पुलिस, परिवहन, नगर निगम समेत कई विभागों के आला अफसर मौजूद जुटे थे।
बैठक में एडीएम सिटी ने ई-रिक्शों का संचालन कचहरी की ओर न करके लक्ष्मी टॉकीज चौराहे की ओर करने के निर्देश दिए थे। इसका पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी तय की गई थी। बावजूद इसके मंगलवार को ई-रिक्शा चालकों ने कचहरी रोड पर फर्राटा भरा। सवारियों को उसी रास्ते से बैंक रोड और सिविल लाइंस पहुंचाया।
ई-रिक्शों और टेंपो की वजह से बैंक रोड चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा और कचहरी गेट के आसपास दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी रही। कई बार पुलिसकर्मियों ने वाहनों को हटाया लेकिन उनके जाते ही वाहन चालक सड़कों पर जमा होते नजर आए।
हनुमान मंदिर चौराहा, शांतिपुरम में भी स्थिति बदहाल
शहर के जानसेनगंज, केंद्रीय जीएसटी कार्यालय, हनुमान मंदिर चौराहा, मिश्रा भवन, मेडिकल चौराहा, सोहबतिया बाग, बांगड़ चौराहा, शांतिपुरम में ई-रिक्शों और ऑटो की वजह से जाम की स्थिति रहती है। हनुमान मंदिर चौराहे पर दिन में कई बार जाम लगता है। इस वजह से लोगों को परेशान होना पड़ता है।
21 मई को भी लागू की गई थी व्यवस्था, हुई नाकाम
ट्रैफिक पुलिस ने 21 मई से शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई व्यस्त और वीआईपी मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाई थी। पहले चरण में इसे एक माह के प्रायोगिक आधार पर लागू किया गया था। इसके तहत रामबाग फ्लाईओवर, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर से सुभाष चौराहा, लक्ष्मी टॉकीज से पुलिस क्लब चौराहा और कचहरी से विश्वविद्यालय मार्ग पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित था। कुछ समय बाद भी ई-रिक्शे और ऑटो पुरानी व्यवस्था से चलने लगे। नया प्लान नाकाम हो गया।
तय किए गए थे वैकल्पिक मार्ग
तेलियरगंज से आने वाले ई-रिक्शों को फायर ब्रिगेड चौराहा, नवाब यूसुफ रोड होते हुए सिविल लाइंस रेलवे स्टेशन और हाईकोर्ट की ओर भेजने की व्यवस्था की गई थी। वहीं, बैरहना और संगम क्षेत्र से आने वाले ई-रिक्शों को सीएमपी कॉलेज, मेडिकल चौराहा, डीआरएम कार्यालय मार्ग पर आवागमन की व्यवस्था थी।
जाम की पांच बड़ी वजह
- सड़क पर ही सवारी चढ़ाना-उतारना।
- स्टैंड की कमी।
- बिना इंडिकेटर अचानक मोड़ लेना।
- प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा, ऑटो और टेंपो का संचालन।