औचक निरीक्षण का हवाला देकर फर्जी सीआईडी इंस्पेक्टर दुकानदारों से दो हजार रुपये तक ऐंठ रहा था।
- फोटो : Demo Pic
यमुनापार के एक थाना प्रभारी का सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो शुक्रवार को दिन भर चर्चा का विषय बना रहा। दावा किया जा रहा है कि इस ऑडियो में इंस्पेक्टर एक मुकदमे के वादी से बात करते हुए उसके विपक्षी को चौराहे पर खड़ा करके गोली मारने की बात कह रहे हैं। हालांकि अभी इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है। एसएसपी का कहना है कि उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है। फिर भी जांच कराई जाएगी।
कुछ दिनों पहले यमुनापार के मेजा में एक व्यक्ति की बेटी संदिग्ध हाल में गायब हो गई थी। पिता ने तहरीर देकर पड़ोस के ही युवक और उसके परिवारवालों को नामजद करते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। कहा जा रहा है कि कुछ दिनों बाद युवती फिर गायब हो गई। वायरल ऑडियो में इसी मामले के संबंध में युवती का पिता थाना प्रभारी से फोन पर बात करते हुए सुनाई दे रहा है। पहले वह दर्ज मुकदमे की अपराध संख्या बताकर इंस्पेक्टर को मामले के बारे में बताता है। फिर कहता है कि उसने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन के साथ ही उच्चाधिकारियों से भी की है।
इस पर इंस्पेक्टर की ओर से पहले उस महिला का नाम बोला जाता है जो आरोपी युवक के परिवार से है और मामले में नामजद भी है। जब युवती का पिता महिला का नाम सुनकर यह कहता है कि वह उसी से संबंधित मामले की बात कर रहा है तभी इंस्पेक्टर की जुबान फिसल जाती है। इसके बाद इंस्पेक्टर कहते हैं कि महिला व उसके परिवार को चौराहे पर खड़ा करवाकर गोली से उड़ा दिया जाएगा। अगले ही पल फिर इंस्पेक्टर की ओर से यह बात दोहराई जाती है। वह कहते हैं कि महिला व उसके परिवार को चौराहे पर खड़ा करवाकर शूटआउट करवा दिया जाएगा। ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। संबंधित थाने के कई सिपाही भी गुपचुप तरीके से इस बारे में बात करते हुए सुने गए। हालांकि कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ।
फिलहाल ऐसे किसी ऑडियो की जानकारी मुझे नहीं है। अगर ऐसा कोई ऑडियो है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
नितिन तिवारी, एसएसपी