गिरधरपुर गांव में शनिवार सुबह धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़कर थाने ले जा रहे पुलिस दल पर हमला कर दिया गया। आरोपियों ने दरोगा का मोबाइल फोन छीन लिया। रिवॉल्वर भी खींचतान में गिर गई। फिर सिपाही की उंगली और हाथ में दांत काट लिया। दांत काटे जाने पर सिपाही छटपटाया तो मौका पाकर आरोपी भाग निकला। बाद में थानेदार ने भी पुलिस बल के साथ छापेमारी की मगर आरोपी मिला नहीं।
मांडा थाने के एक दरोगा सिपाही के साथ गिरधरपुर गांव में शनिवार को धोखाधड़ी के एक मामले की जांच करने के लिए पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस टीम एक आरोपी को थाने ले जाने लगी तो कई लोगों ने जुटकर विरोध हो गया। वहां विवाद बढ़ता देख दरोगा ने एसओ को जानकारी देने के लिए मोबाइल से फोन लगाया तो भीड़ ने उन पर धावा बोल दिया। दरोगा का मोबाइल फोन छीन लिया। खींचतान में दरोगा का सरकारी रिवॉल्वर भी गिर गया। यह देख साथ मौजूद सिपाही ने धोखाधड़ी के आरोपी व्यक्ति को दबोच लिया।
मगर आरोपी ने सिपाही की उंगली में दांत से काट लिया। बाएं हाथ में भी दांत काटने के बाद सिपाही के चंगुल से आरोपी भाग निकला। कुछ देर बाद एसओ मांडा पीआर गौरव पुलिस बल के साथ वहां आ गए। पुलिस ने छापेमारी की लेकिन सिपाही को दांत काटकर भागा आरोपी फिर हाथ नहीं आया। घायल सिपाही को मांडा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जाकर इलाज कराया गया। हालांकि पुलिस गांव में लोगों से भिड़ंत के मामले को छिपाती रही। देर शाम पुलिस ने कहा कि कार्रवाई हो रही है।