प्रयागराज। धूमनगंज के गढ़वा में भाजपा पार्षद शिवकुमार पर बम-गोलियों से हमले के मामले में आखिरकार कार्रवाई हुई। एसएसपी ने मंगलवार को प्रभारी रहे जेपी शर्मा को पैदल कर दिया। इसके साथ ही विजय कुमार सिंह को धूमनगंज थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया है।
वार्ड नंबर चार जयंतीपुर के पार्षद शिवकुमार पर पांच जुलाई की रात बम-गोलियों से हमला किया गया था। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर मुंडी पासी, सुनील पासी के साथ आशीष, रोहित, राजेश व एक अन्य पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद अस्पताल में पहुंची मेयर अभिलाषा गुप्ता ने आरोप लगाया था कि पार्षद की शिकायत के बावजूद धूमनगंज थाना प्रभारी ने उन्हें सुरक्षा नहीं मुहैया कराई। मेयर ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी भी जताई थी। दूसरे दिन पहुंचे कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी कहा था कि उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामला सत्ताधारी दल से जुड़ा था ऐसे में माना जा रहा था कि मामले में कार्रवाई तय है। मंगलवार को एसएसपी ने प्रभारी रहे जेपी शर्मा को पैदल करते हुए विजय कुमार सिंह को धूमनगंज थाने का चार्ज सौंप दिया। उन्हेें नया प्रभारी बनाया गया है। तेजतर्रार शैली के लिए पहचाने जाने वाले विजय पहले भी कोरांव व करेली सहित अन्य थानों में बतौर प्रभारी नियुक्त रह चुके हैं। उधर महिला थाने में भी नई प्रभारी की तैनाती हुई है। महिला सहायता/एंटी रोमियो प्रकोष्ठ की प्रभारी ममता पवार महिला थाने की प्रभारी निरीक्षक बनाई गई हैं। उधर महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रही दीपा सिंह गौर को महिला सहायता/एंटी रोमियो प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नामजद आरोपियों का नही मिला सुराग
उधर भाजपा पार्षद पर हमले के नामजद आरेापियों का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस कादावा है कि उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि अब तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका है। बता दे कि इस मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आने वाले नरेश, सुनील उर्फ गोलई व एक अन्य को पुलिस जेल भेज चुकी है।
अस्पताल से छुट्टी, घर पहुंचे पार्षद
उधर हालत में सुधार होने के बाद मंगलवार को भाजपा पार्षद शिवकुमार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने बताया कि उनकी हालत में सुधार होने के बाद शाम को डॉक्टरों के कहने पर पार्षद को घर लाया गया। उधर घायल मनीष को भी घर भेज दिया गया है।