मैच देखने की विशेष तैयारियां
विश्वकप क्रिकेट का फाइनल मैच देखने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पीवीआर सिनेमा हॉल में जहां पूरे मैच का लाइव प्रसारण किया जा रहा है। वहीं मल्टीकूसाइन रेस्टोरेंट की ओर से बड़ी स्क्रीन पर क्रिकेट प्रेमियों को मैच दिखाया जाएगा। हालांकि रेस्टोरेंट में मैच देखने के लिए लोगों को टिकट भी लेना होगा।
चांदपुर सलोरी में पीएमएस डिजिटल लाइब्रेरी में प्रोजेक्टर पर मैच दिखाया जा रहा है। परेड मैदान पर इविवि के पूर्व क्रिकेट कोच देवेश मिश्र अपने साथियों के साथ मैच देखेंगे। इसके अलावा दारागंज के निराला चौराहे पर लड्डू पंडित हलवाई और प्रभाग गुप्ता की चाय की दुकान पर बड़ी टीवी में मैच दिखाने की व्यवस्था की गई है। प्रभाग गुप्ता बताते हैं कि पूरे विश्वकप का मैच लोगों ने लाइव देखा है। भीड़ बढ़ने की स्थिति पर वह टीवी बंद कर देते थे, लेकिन फाइनल मैच में ऐसा नहीं होगा।
हॉस्टलों में भी है व्यवस्था
शास्त्रीनगर में अनुभव श्रीवास्तव ने अपने घर में प्रोजेक्टर लगाया है। शिवकुटी स्थित बीएसएनएल गली में स्टूडेंट हॉस्टल में कुलदीप की ओर से प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई है। नार्दन फुटबाल एकेडमी की ओर से राजरूपपुर स्थित कार्यालय के अलावा मजीदिया इस्लामिया कॉलेज, केपी जायसवाल इंटर कॉलेज और केपी टेनिस एकेडमी में भी खिलाड़ियों की तरफ से प्रोजेक्टर से मैच देखने की व्यवस्था की गई है। डीसीपी नगर दीपक भूकर के अनुसार शहर के सभी थानों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने आसपास की स्थिति पर विशेष तौर पर सतर्कता बरतेंगे।
नैनी बाजार गल्ला मंडी में वर्ल्ड कप फाइनल का मैच देखने के लिए व्यापार मंडल की ओर से टीवी की बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। गल्ला मंडी स्थित ग्राउंड में इसको लेकर तैयारी की जा रही है। मैच देखने के लिए गल्ला मंडी व आसपास के अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान लगभग बंद हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश जायसवाल व अन्य व्यापारियों के सहयोग से यहां की गई है।
संगम तट पर बालू से बनाई विश्वकप ट्रॉफी
दृश्य कला विभाग इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने फाइनल से पहले विश्वकप में भारतीय टीम का समर्थन करने के लिए संगम तट पर बालू से विश्वकप की ट्राफी बनाई। छात्रों ने बताया कि इस सुंदर अनुकृति को बनाने में करीब सात घंटे का समय लगा। इसे मनोज कुमार, अजय गुप्ता, बादल, आशीष, जयकिशन, शिवानी कपूर, प्रांजल ने मिलकर बनाया है।