चयन बोर्ड के गठन की मांग को लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड प्रतियोगी मोर्चा का अनशन बुधवार को दूसरे दिन भी एनलगंज स्थित कार्यालय पर जारी है। इस दौरान प्रतियोगी छात्रों ने सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। कहा गया कि चयन बोर्ड का गठन न होने से 2011 टीजीपी, पीजीटी का परिणाम रुका हुआ है और 2016 की परीक्षा की तिथियां नहीं जारी हो पा रही हैं। इसकी वजह से प्रतियोगिता भविष्य अंधकारमय हो गया है।
अनशन के दौरान मोर्या के संयोजक विक्की खान ने कहा कि योगी सरकार माध्यमिक प्रतियोगियों के साथ अन्याय कर रही है। कहा कि 25 जनवरी तक चयन बोर्ड का गठन न हुआ तो 26 जनवरी से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इस दौरान कोचिंग संचालकों से अनशन के दौरान कोचिंग बंद कर आंदोलन में सहयोग की अपील की गई। मोर्चा के कोर कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार पाल ने कहा कि प्रतियोगी छात्र इस भ्रम में न रहें कि यूपीएसएसएससी का गठन हो गया है तो चयन बोर्ड का भी जल्द हो जाएगा। उसके लिए छह माह पहले आवेदन मांगे गए थे और अब गठन हुआ है।
छात्रा ग्रुप की अध्यक्ष स्नेहलता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रतियोगी छात्रों की उपेक्षा की। इसलिए दोबारा नहीं आई। अनुराग वर्मा एवं सुनील मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री हर सभा में आश्वासन देते हैं कि सारी चयन प्रक्रिया बहाल कर दी गई है लेकिन चयन बोर्ड एवं उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन नहीं हुआ है। संचालन सुनील यादव ने किया। इसमें दीपक सरोज, भोला वर्मा, सुनील भारतीय, सिकंदर यादव, महेश पाल, कुलदीप यादव, अजय वर्मा, सुखदेव सिंह, जयसिंह, अमरदीप यादव, रश्मि, दीपा, अमित सिंह, गंगाधर प्रजापति आदि शामिल थे।