औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत राज्य विवि के पास सोमवार को एक गेस्ट हाउस में शादी के दौरान उचक्कों ने वर और वधू के पिता के पास से नकदी सहित सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। घटना गेस्ट हाउस के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित और गेस्ट हाउस संचालक ने मामले की पुलिस से शिकायत की है।
करछना के सोनाई कैची चौराहा निवासी राज कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ नैनी में रहते हैं। सोमवार को उनकी बेटी आकांक्षा की शादी मेजा के जिगना निवासी सुभाष पुत्र हरिदास के साथ थी। रात करीब 11 बजे के पास बरात जब गेस्ट हाउस पहुंची तो उचक्कों ने राज कुमार गुप्ता के पास मौजूद बैग की चेन खोलकर करीब 60 हजार रुपये नकद और एक सोने की जंजीर पार कर दी। द्वारचार के दौरान जब वह बैग से पैसा निकालने लगे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। इसी बीच लड़के के पिता ने भी बताया कि उनके बैग से भी करीब 80 हजार रुपये की नकदी पार कर दी गई।