अतीक अहमद से प्रयागराज पुलिस साबरमती जेल जाकर पूछताछ करेगी। जीशान उर्फ जानू पर जानलेवा हमले और जेसीबी से घर ढहाने के मामले में अतीक का बयान दर्ज करने के लिए रिमांड मिल गई है। जल्द ही पुलिस की एक टीम अहमदाबाद रवाना होगी। इस मामले में अब तक दो को छोड़कर सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इनमें अतीक और उसका गुर्गा असाद शामिल हैं। असाद फरार है। घटना के बाद वह पकड़ा नहीं गया था।
चकिया का रहने वाला जीशान उर्फ जानू, अतीक के साढ़ू इमरान जई का छोटा भाई है। उसने करेली के ऐनुद्दीनपुर में भी घर और कार्यालय बनवाया है। वह जमीन की खरीद फरोख्त से जुड़ा था। अतीक किसी बात पर जीशान से नाराज हो गया। 31 दिसंबर 2021 को जीशान ऐनुद्दीनपुर वाले घर पर बैठा था। दोपहर में अतीक का बेटा अली, असाद, आरिफ कछौली, इमरान गुड्डू सैफ मामा, अमन, कल्लू अतीक और अली अब्बा समेत कई अन्य लोग घर पर चढ़ गए। वे तीन गाड़ियों से आए थे।
अली ने आते ही जीशान की कनपटी पर पिस्टल लगा दिया। कहा कि अब्बा से बात करो। जीशान ने मना किया तो अतीक ने फोन पर ही पांच करोड़ की रंगदारी मांगी। कहा ऐनुद्दीनपुर वाली जमीन मेरी पत्नी के नाम कर दो नहीं तो तुम्हें तुम्हारे परिवार के साथ मार दिया जाएगा। जीशान ने दोबारा मना किया तो अली तथा अन्य हमलावरों ने रायफल और पिस्टल की बट से उसे मारना शुरू कर दिया।
जीशान के रिश्तेदार गुफरान, अली जफर और फहद ने बचाने का प्रयास किया तो उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया गया। इसके बाद जेसीबी से अली का पूरा कार्यालय और घर ढहा दिया। जीशान पुलिस को फोन करना चाहा तो अली और असाद ने कई राउंड फायर कर दिए।
आस पास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची तब तक अली और उसके साथ गए हमलावर भाग निकले थे। इस मामले अली, असाद, आरिफ, संजय सिंह, इमरान गुड्डू, सैफ मामा, अमन और कल्लू अतीक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई थी। 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में अतीक अहमद और आरिफ उर्फ अच्छन को भी शामिल किया। पुलिस ने अतीक और असाद को छोड़कर सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी।
अतीक से पूछताछ और बयान के लिए पुलिस ने अदालत से रिमांड मांगी थी। पुलिस को रिमांड मिल भी गई है। जिले के एक बड़े पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जल्द ही पुलिस की एक टीम जीशान पर हमला मामले में बयान दर्ज करने के लिए साबरमती जेल जाएगी।