मांडा के खवास का तारा बाजार में बुधवार की रात दुकान के बाहर सो रहे बाइक मिस्त्री विजय राज बिंद की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह तीन बजे पड़ोस में रहने वाले ने देखा तो जानकारी हुई। घटना से नाराज परिजनों ने मेजा-मांडा मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एडीजी और डीआईजी ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब पांच घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मांडा के कटका गांव निवासी रामदेव बिंद ने घर से एक किलोमीटर दूर खवास का तारा बाजार में मकान बनवाकर उसमें साइकिल व बाइक रिपेयरिंग की दुकान खोली है। मझला बेटा विजयराज (22) बुधवार की रात बाइक रिपेयरिंग की दुकान के बाहर चारपाई डालकर सो रहा था। तीन बजे भोर बगल में ही मिठाई के दुकान पर काम करने वाला नौकर उठा तो देखा कि विजय राज जमीन पर पड़ा है। आसपास खून पसरा था। उसने मालिक श्रवण से बताया तो उसने विजय के परिवार वालों को सूचना दी। सभी भागते हुए घटनास्थल पहुंचे। करीब चार बजे पुलिस को बताया गया।
मौके पर डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। विजय की गला रेतकर हत्या की गई थी। गले में धारदार हथियार के निशान थे। घर में हाहाकार मचा था। जब तमाम रिश्तेदार पहुंचे तो नाराज परिजनों ने शव को मांडा-मेजा मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन आलाधिकारियों को मौके पर बुलाने और कातिलों के पकड़े जाने की मांग कर रहे थे।
एसपी यमुनापार चक्रेश मिश्रा, एसडीएम मेजा रेनू सिंह और सीओ मेजा समेत कई थानों की फोर्स ने समझाने का प्रयास किया लेकिन एडीजी प्रेम प्रकाश और डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के आने के बाद ही परिजन माने। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताया है। पुलिस उसी के अनुसार काम कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एक दो दिन में खुलासा हो जाएगा।
- घर वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस को सुराग मिले हैं, उन्हीं बिंदुओं पर काम हो रहा है। -सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, डीआईजी प्रयागराज