प्रयागराज। 294 दिन के लंबे अंतराल के बाद गंगा-गोमती एक्सप्रेस, लखनऊ इंटर सिटी एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस आदि ट्रेनों का संचालन रविवार दस जनवरी से शुरू होने जा रहा है। स्पेशल ट्रेन के रूप में शुरू हो रही इन ट्रेनों के सामान्य कोच में भी सफर करने के लिए यात्रियों को आरक्षण करवाना होगा। इस वजह से लॉकडाउन के पूर्व इन ट्रेनों में साधारण श्रेणी का जो किराया था, उसके मुकाबले यात्रियों को अब ज्यादा किराया देना पड़ेगा।
लॉकडाउन के पूर्व प्रयागराज संगम से लखनऊ के लिए गंगा गोमती, इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की साधारण श्रेणी में किराया 80 रुपये था, लेकिन अब यात्रियों से रेलवे किराये के रूप में 95 रुपये वसूलेगा। इसी तरह प्रयागराज संगम से फैजाबाद के लिए सरयू एक्सप्रेस की साधारण श्रेणी में 70 की जगह यात्रियों को 85 रुपये किराया देना होगा। वहीं बरेली के शुरू हो रही ट्रेन प्रयागराज संगम-बरेली स्पेशल में भी यात्रियों से 150 की जगह 165 रुपये किराया लिया जाएगा। इन सभी ट्रेनों में रेलवे ने शनिवार से ही बुकिंग शुरू कर दी। रविवार को लखनऊ से गंगा-गोमती, लखनऊ इंटर सिटी एक्सप्रेस प्रयागराज संगम के लिए चलेगी, जबकि यहां से यह दोनों ट्रेनें सोमवार से शुरू होगी।
हरिद्वार एक्सप्रेस आज से होगी शुरू, ऋषिकेश तक जाएगी ट्रेन
नौ माह से ज्यादा समय से बंद चल रही हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन रविवार से शुरू होने जा रहा है। प्रयागराज संगम से इस ट्रेन की रवानगी रात 11.35 बजे होगी। नई व्यवस्था के तहत हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन योग नगरी ऋषिकेश तक होगा। इसके अलावा रविवार को मनकापुर, अयोध्या, फैजाबाद के लिए सरयू एक्सप्रेस शाम 6.10 एवं प्रयागराज संगम-जौनपुर स्पेशल का संचालन शाम 4.40 बजे होगा।
लॉकडाउन के पहले पैसेंजर, अब एक्सप्रेस के रूप में होगा संचालन
लॉकडाउन के पहले प्रयागराज संगम से जो गाड़ियां पैसेंजर ट्रेन के रूप में चल रही थी, वह अब एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित होंगी। इसमें 04307/04308 प्रयागराज संगम-बरेली, 04237/04238 प्रयागराज संगम-लखनऊ स्पेशल, 04239/04240 प्रयागराज संगम-फैजाबाद स्पेशल, 04241/04242 प्रयागराज संगम-जौनपुर स्पेशल, 04243/04244 प्रयागराज संगम-जौनपुर अब पैसेंजर की बजाय एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलेंगी।