स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के मौके पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहीदों की याद में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में शहीदों के चित्र से सजा वाहन आकर्षण का केंद्र रहा। इस वाहन पर भाजपाइयो के साथ आम शहरियों ने भी फूल बरसाए। शहीद लाल पद्मधर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद मशाल जुलूस विभिन्न मार्गों से होता हुआ बालसन चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि आजादी की 70 वीं वर्षगांठ पूर्ण होने के अवसर पर देश व्यापी कार्यक्रम तिरंगा यात्रा के तहत मशाल जुलूस निकाला जा रहा है। तिरंगा यात्रा के संयोजक विजय मिश्र ने कहा कि राष्ट्र आज के दिन उन सभी वीर सेनानियों को नमन करता है जिन्होंने हमें आजादी दिलाने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। अनीता सचान, डा. एलएस ओझा, शैलतनया श्रीवास्तव, सुबोध सिंह, शशांक त्रिपाठी, नीलम द्विवेदी, रीता सिंह, आशीष गुप्ता, कुंज बिहारी मिश्र, रवि केसरवानी, पवन श्रीवास्तव, देवेंद्र मिश्र आदि की मौजूदगी में जुलूस के पीछे राष्ट्रीय धुन बजाता बैंड और हाथ में मशाल लिए पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं ने वंदे मातरम, भारत माता की जय का भी उद्घोष किया।
जुलूस लक्ष्मी टाकीज चौराहा, नेतराम चौराहा, मनमोहन पार्क, चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंचा। यहां अमर शहीद आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण हुआ। इसे बाद बालसन चौराहा स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर इसका समापन हुआ। इस मौके पर राजू पाठक, गणेश केसरवानी, पदुम जायसवाल, हरीश पासवान, बबिता मिश्र, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।