शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार में नौकरशाही के निरंकुश होने और भ्रष्टाचार का भी गंभीर आरोप लगाया है। कहा कि नौकरशाही जनता की सुन नहीं रही है। मुख्यमंत्री रोज चिल्ला रहे हैं, लगातार भाषणों में बोल रहे हैं लेकिन नौकरशाही के कानों पर पर जूं नहीं रेंग रही है। भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री रोज कब्जे करने वालों की बात करते हैं लेकिन लगातार कब्जा बढ़ता जा रहा है।
शिवपाल सिंह यादव ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के करीबी भाजपा के एक स्थानीय एमएलसी पर अपने पार्टी के मंडल प्रभारी श्रीप्रकाश राय उर्फ लल्लन राय के मकान पर अवैध रूप से कब्जा करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह खुद मुख्यमंत्री से भी लिखित तौर पर शिकायत करेंगे। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व न्यायधीश रमेश यादव तथा संचालन मंगेश यादव ने किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री लल्लन राय, संतोष यादव आर्मी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।