जिला उपभोक्ता आयोग ने तेज बहादुर सप्रू रोड स्थित रस्तोगी डेंटल क्लीनिक के डॉ. शोभित रस्तोगी पर एक लाख रुपये का हर्जाना लगाया है। कैंट निवासी व्यक्ति ने चार दांत लगवाने के लिए 50 हजार रुपये चुकता किए, लेकिन दो ही दिन में दांत उखड़ गए। इतना ही नहीं, 50 हजार रुपये दोबारा देकर इम्प्लांट करवाया तो गलत इलाज से आंख की रोशनी कम होने के साथ ही जबड़ा सुन्न हो गया।
महेंद्र सिंह आरए बाजार तोपखाना थाना कैंट क्षेत्र के रहने वाले हैं। दांतों में समस्या होने पर उन्होंने 21 जुलाई 2015 को रस्तोगी डेंटल क्लीनिक में दिखाया। चार दांतों के इम्प्लांट के लिए 50 हजार रुपये दिए। दांत नीचे वाले जबड़े में लगाए गए। लेकिन, दो दिन बाद दांत उखड़ गए। तकलीफ होने पर महेंद्र क्लीनिक में लगातार चक्कर काटते रहे और दांतों को फिर से इम्प्लांट करने को लेकर 50 हजार रुपये फिर मांगे गए। रुपये देने पर चार अक्तूबर 2015 को किसी अन्य चिकित्सक को बुलाकर उक्त दांतों को दोबारा लगाया गया। इससे परेशानी बढ़ी और आंखों की रोशनी पर फर्क पड़ गया।