दीपावली और छठ पूजा के मौके पर ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। इसकी समय सारिणी उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने जारी कर दी है।
अहमदाबाद के लिए रेलवे दो स्पेशल ट्रेन दानापुर और बनारस से चलाने जा रहा है। 09403 अहमदाबाद-बनारस का संचालन 29 अक्तूबर एवं 5, 12 दिसंबर की रात 10:40 बजे होगा। आणद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, नागदा, भवानी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर, बयाना, आगरा फोर्ट, टूंडला, गोविंदपुरी रुकते हुए ट्रेन अगले दिन रात 1:00-1:10 बजे प्रयागराज एवं सुबह 4:05 बजे बनारस पहुंच जाएगी।
वापसी में बनारस से 09404 का संचालन 31 अक्तूबर, 07, 14 नवंबर की सुबह 7:15 बजे होगा। ट्रेन सुबह 10:20-10:30 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं अगले दिन शाम 6:00 बजे अहमदाबाद पहुंच जाएगी। इसी तरह 09461 अहमदाबाद-दानापुर 26 अक्तूबर, 02, 09, 16 नवंबर की सुबह 8:25 बजे चलकर रतलाम, उज्जैन, शिवपुरी, ग्वालियर, इटावा के रास्ते अगले दिन सुबह 10:45-10:50 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं शाम 4:50 बजे दानापुर पहुंच जाएगी। वापसी में दानापुर से 09462 की रवानगी 27 अक्तूबर, 03, 10, 17 नवंबर की रात 9:55 बजे होगी। ट्रेन सुबह 5:30-5.35 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं अगले दिन सुबह 7:10 बजे अहमदाबाद पहुंच जाएगी।