बारा के शंकरगढ़ में सरकारी तालाब की भूमि से अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर लगाकर प्रशासन ने हटवाया
तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत शंकरगढ़ में गुड़िया तालाब पर हुए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को एसडीएम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
स्थानीय लोगों के शिकायत पर लेखपाल ने अपनी आख्या में तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की पुष्टि की थी। इस पर उपजिलाधिकारी बारा शिखा संखवार के आदेश पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, राजस्व निरीक्षक देवीशंकर तिवारी, राजस्व निरीक्षक विजयकांत पांडेय, क्षेत्रीय लेखपाल विनय कुमार तथा शंकरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने सरकारी भूमि का सीमांकन कराते हुए अवैध निर्माण हटवाया। एसडीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की सूची लेखपालों के माध्यम से तैयार कराई जा रही है, जल्द ही सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।