बारा के ग्राम पंचायत अतरसुईया में कीचड़ युक्त रास्ते से स्कूल जाते नौनिहाल
विकास खंड जसरा के ग्राम पंचायत अतरसुईया के मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ है। नौनिहालों को स्कूल आने-जाने के लिए इसी कीचड़ युक्त मार्ग से गुजरना पड़ता है। जिम्मेदारों की अनदेखी से आज भी यह लगभग दो सौ मीटर का मुख्य मार्ग बदहाल है।
लोगों का आरोप है कि रास्ते को ठीक कराने के लिए ग्रामीण एक वर्ष से लगातार समाधान दिवस, ब्लॉक के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। समस्या के निस्तारण के लिए मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के बैनर तले अंकुश शुक्ला की अगुवाई में किसानों ने एसडीएम बारा को एक ज्ञापन सौंपा। बीडीओ जसरा समा सिंह का कहना है कि ग्राम पंचायत सचिव को भेजकर जांच कराते हुए समस्या का अविलंब समाधान किया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अतरसुइया में व्याप्त भ्रटाचार की जांच कराई जाए।
ग्राम पंचायत में किए गए कार्यों की जांच कराने, गांव में सड़क/इंटरलाॅकिंग के निर्माण के नाम पर निकाले गए पैसे की जांच कराने, गांव की मुख्य आने जाने वाले मार्ग की मरम्मत तुरंत कराई जाए। किसानों ने कहा कि यदि प्रशासन समय पर कार्यवाही नहीं करता है तो तीन अगस्त को ग्राम पंचायत में ही अनिश्चितकालीन जन आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। एसडीएम बारा शिखा संखवार ने किसानों की सभी प्रमुख मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।