IIIT started B.tech business informatics course
नए कोर्स को अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में शुरू करने की तैयारी
फ्रांस सरकार के सहयोग से शुरू होगा कोर्स, शुभारंभ पांच फरवरी को
प्रयागराज। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) में बीटेक बिजनेस इन्फार्मेटिक्स का नया कोर्स शुरू हो रहा है। संस्थान की ओर से इसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में शुरू करने की तैयारी है। ट्रिपलआईटी में बीटेक बिजनेस इन्फार्मेटिक्स में प्रवेश के साथ इस अभिनव कार्यक्रम का शुभारंभ पांच फरवरी को हो रहा है। इस कोर्स को फ्रांस सरकार के सहयोग से शुरू किया जा रहा है। इस प्रोग्राम का शुभारंभ फ्रेंच एंबेसी के काउंसलर एवं शिक्षा संस्कृति विभाग की ओर से किया जाएगा।
ट्रिपलआईटी के निदेशक प्रो. पी नागभूषण ने बताया कि वर्तमान दौर में इस कोर्स की उपयोगिता को देखते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में शुरू किया जाएगा। नए कोर्स में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राएं अपने को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी की नई तकनीक के साथ जर्मन, फ्रेंच भी सीख सकेंगे। बताया कि यह देश का ऐसा पहला कोर्स है, जिसमें बिजनेस मैनेजमेंट को एक तकनीकी प्रोग्राम के अंतर्गत शामिल किया गया है।
बीटेक बिजनेस इन्फार्मेटिक्स कोर्स के समन्वयक प्रो. ओपी व्यास ने बताया कि इस नए प्रोग्राम में प्रवेश राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसमें 39 सीटों के पहले बैच में प्रवेश 2019 की जेईई मेंस के जरिए लिया गया है। कोर्स समन्वयक प्रो. व्यास ने बताया कि बिजनेस इन्फार्मेटिक्स प्रोग्राम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग मिल रहा है। इस कोर्स को नई दिशा देने के लिए संस्थान की ओर से जर्मनी, इटली के प्रतिष्ठित संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू हो चुका है।