निकिता जैन को दो गोल्ड, प्रियंका सिंगला को एक गोल्ड व एक ब्रांज मेडल
दीक्षांत समारोह में 477 छात्र-छात्राओं को मिली उपाधि और 21 को मेडल
कंप्यूटर विज्ञानी प्रो. राजारमन ने दिए टिप्स, कहा-लक्ष्य पाने को आक्रामक बनें
प्रयागराज। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) के 14वें दीक्षांत समारोह में बेटियों का बोलबाला रहा। मेधावी छात्राओं ने खूब गोल्ड मेडल बंटोरे। शनिवार को बीटेक आईटी-2015 की छात्रा निकिता जैन को चेयरमैन गोल्ड मेडल सहित बीटेक आईटी गोल्ड मेडल, जबकि बीटेक आईटी-2015 की ही छात्रा प्रियंका सिंगला को नोबेल वैज्ञानिक प्रो. क्लाउड कोहेन तानोजी गोल्ड मेडल के साथ बीटेक आईटी का ब्रांज मेडल प्रदान किया गया। दीक्षांत समारोह के लिए पंजीकृत 506 में से 477 छात्र-छात्राएं ही पहुंचे। 23 मेडल पाने वाले मेधावियों में से 21 को मेडल प्रदान किए गए। इसके अलावा 16 पीएचडी धारकों को उपाधि प्रदान की गई, जिसमें दस छात्राएं रहीं।
मुख्य अतिथि कंप्यूटर विज्ञानी पद्मभूषण प्रो. वैद्येश्वरन राजारमन ने मेडल व उपाधियां प्रदान कीं। समारोह के दौरान प्रो. राजारमन ने छात्रों को फाइव ‘ए’ एंटिसिपेशन, एजिलिटी, एडाप्शन, एडहेरेंस एंड एग्रेशन का मंत्र दिया। मेधावियों से संवाद के दौरान प्रो. राजारमन ने छात्रों से कहा, उपाधि लेकर संस्थान से निकलने के बाद आप सभी जीवन में लगातार नई संभावनाओं (एंटिसिपेशन) की खोज करते रहें। इस खोज के दौरान चुस्ती-चपलता (एजिलिटी) बनाए रखें, लक्ष्य की प्राप्ति के दौरान अनुकूलन (एडाप्शन) के साथ दृढ़ता (एडहेरेंस) और आक्रामक (एग्रेशन) होकर आगे बढ़ें, तभी जीवन में उद्देश्यों की प्राप्ति होगी। उन्होंने बताया कि संचार प्रणाली अब ब्रॉडबैंड वायरलेस बन रही है, जो क्लाउड कम्प्यूटिंग और इंटरनेट आफ थिंग्स जैसी नई तकनीकों के लिए अग्रणी है। मुख्य अतिथि का स्वागत संस्थान के निदेशक प्रो. पी नागभूषण ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में संस्थान के गणमान्य अतिथि, संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रायोजित गोल्ड मेडल के विजेता
बीटेक आईटी-2015 के छात्र चौधरी जयेश अजयभाई को डॉ. टीसीएम पिल्लई मेमोरियल गोल्ड मेडल, बीटेक आईटी-2015 के छात्र अभिनव खरे को प्रो. डॉ. इंग मथियास क्लेनर गोल्ड मेडल, एमटेक बीआई-2017 की छात्रा दर्शना को प्रो. जौली कोहेन तानोजी गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
पदक जीतने वाले मेधावी
बीटेक आईटी: निकिता जैन, राघव बाबू, प्रियंका सिंगला को क्रमश: गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांज मेडल
बीटेक इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन: आयुष खत्री, गौरव पांडेय, सुलेखा कुमारी को क्रमश: गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांज मेडल
एमटेक आईटी: अनिर्बन सरकार, मैनाक दत्ता, निकिता गोयल क्रमश: गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांज मेडल
एमटेक इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन: अनुपम कुमारी, प्रशांत कुमार, भारत भूषण उपाध्याय को क्रमश: गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांज मेडल
एमबीए: अमृता कुलश्रेष्ठ, एकता कुमारी, पवन कुमार पांडेय को क्रमश: गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांज मेडल
ड्यूल डिग्री बीटेक-एमटेक: योगेश कुमार, मंकाली लक्ष्मी लिखिथा, अभिनव विंसी क्रमश: गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांज मेडल
बंगलूरू की फ्लाइट से पहुंचे 250 छात्र-छात्राएं
समारोह में शामिल होने आईटी सिटी बंगलूरू से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट से लगभग 250 छात्र-छात्राएं पहुंचे। यह सभी छात्र-छात्राएं संस्थान से पढ़ाई पूरी करने के बाद बंगलूरू में आईटी के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। संस्थान से डिग्री लेने वाले अधिकांश छात्रों का प्लेसमेंट पढ़ाई के दौरान ही हो जाता है। निदेशक प्रो. पी नागभूषण ने बताया कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे इतने विद्यार्थी एक ही फ्लाइट से समारोह में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने बताया कि चेयरमैन गोल्ड मेडल पाने वाली निकिता माइक्रोसॉफ्ट में काम कर रही हैं।
अव्यवस्था का बोलबाला
समारोह के आयोजन के दौरान अव्यवस्था का बोलबाला भी रहा। डिग्री लेने वाले मेधावियों के साथ आए अभिभावकों को बैठने के लिए सीट तक नहीं मिली। इसके अलावा उन्हें पीछे भेज दिया गया। इसी प्रकार की समस्या दूसरे अतिथियों के साथ भी हुई। समारोह खत्म होने तक व्यवस्थापकों की ओर से अतिथियों को दी जाने वाली दीक्षांत पुस्तिका भी उपलब्ध नहीं कराई गई।