कुंभ आयोजन के बाद परेड में बना इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम पर नजर रखी जाएगी। प्रधानमंत्री के 29 फरवरी के कार्यक्रम को लेकर आईसीसीसी में शुक्रवार को बैठक भी हुई। इसमें सुरक्षा के अलावा तैयारी के अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 फरवरी को 26 हजार से अधिक वृद्धजनों और दिव्यांगों को उपकरण वितरित करेंगे। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। शुुक्रवार को महाशिवरात्रि स्नान पर्व के साथ माघ मेला संपन्न हो गया। इसके साथ ही मेला क्षेत्र और परेड मैदान खाली हो गया है। ऐसे में शनिवार से परेड में तैयारी शुरू हो जाएगी। जमीन समतलीकरण का काम करीब पूरा हो चुका है। अब वहां पंडाल आदि का निर्माण शुरू हो जाएगा। लाभार्थियों की ब्लाकवार सूची तैयार की गई है। उसी के अनुसार उन्हें बैठाया भी जाएगा।
उपकरणों की असेंबलिंग शुरू, बारिश से बाधा
प्रधानमंत्री 26 हजार से अधिक लाभार्थियों को 56 हजार उपकरण वितरित करेंगे। इनमें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल आदि उपकरण भी शामिल हैं। इनके अलग-अलग पार्ट पहुंच गए हैं। मिंटो पार्क में उनकी असेंबलिंग भी शुरू हो गई है। इसके लिए एल्मिको की टीम ने यहां कैंप कर रखा है। चूंकि, असेंबलिंग का काम खुले आसमान के नीचे हो रहा है। ऐसे में बारिश होने से काफी परेशानी हुई। आगे भी मौसम खराब रहा तथा तेज बारिश हुई तो मुश्किलें ज्यादा बढ़ जाएंगी।
पंजीकरण के लिए आखिरी मौका आज
छूटे हुए दिव्यांग लाभार्थियों को पंजीकरण के लिए शनिवार को एक और मौका मिलने जा रहा है। कलक्ट्रेट के नजदीक स्थित मेरी लूकस कालेज में विशेष कैंप लगाया जाएगा। प्रशासन की ओर से सात फरवरी को भी विशेष कैंप लगाया गया था लेकिन विधायकों का कहना था कि उनके कई परिचितों का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। ऐसे में फिर से कैंप लगाया जा रहा है।