कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के नौढ़िया गांव में एक मजदूर ने पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी उसके चरित्र पर शक किया करता था। वारदात से पहले उसने बच्चों को खेलने के लिए घर से बाहर भेज दिया था। मामले में बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है।
नौढि़या गांव निवासी फूलचंद्र के मझले बेटे दीपू (15) ने बताया कि पिता इतना शक करते थे कि मां फूलमती (45) को घर से बाहर नहीं निकलने देते थे। घर के पास से पानी लाने का काम भी उसके भाई-बहन ही करते थे। वह अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे।
सोमवार की शाम करीब चार बजे फूलचंद्र पत्नी से विवाद करने लगा। इस दौरान उसने बच्चों को घर से बाहर खेलने के लिए भेज दिया। इसके बाद फूलमती को एक कमरे में बंद कर चाकू से गर्दन रेतकर मार डाला और कमरे को बाहर से बंदकर भाग गया।
थोड़ी देर बाद जब दीपू ने कमरा खोला तो मां फूलमती का खून से लथपथ शव देकर शोर मचाने लगा। शोरगुल सुनकर जुटे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।