hundred beds hospital for covid center
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन की पहल पर कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए यूनानी मेडिकल कॉलेज बेनीगंज में 100 बेड का कोविड केयर सेंटर स्थापित किया है। यहां कोविड पीड़ितों के इलाज की पूरी तैयारी कर 31-31 स्वास्थ्य कर्मियों की दो टीमें तैनात की गई हैं। डॉ. राहुल सिंह इस नए कोविड केयर सेंटर के नोडल अधिकारी होंगे।
यूनानी मेडिकल कॉलेज भवन में उचित दूरी के साथ बिस्तरों को व्यवस्थित कर कोविड वार्ड बनाए गए हैं। भवन को सैनिटाइज कराने के बाद कोविड उपचार के लिए दवा, ऑक्सीजन, मशीनों की व्यवस्था कर डॉक्टरों और कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। इस नए कोविड सेंटर में फिलहाल डॉक्टरों समेत 31-31 स्वास्थ्य कर्मियों की दो टीमें लगाई गई हैं।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक आयुष्मान भारत योजना के प्रभारी डॉ. राहुल सिंह यूनानी कॉलेज कोविड सेंटर के प्रभारी होंगे। मरीजों को बेहतर उपचार हो, इस बारे में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही उन्हें यहां भर्ती किया जाएगा।