चैत्र कृष्ण पक्ष पंचमी सोमवार को देव प्रतिमाओं को रंग अर्पित कर रंग का समापन हुआ। शहर के विभिन्न मंदिरों में देवताओं को रंग अर्पित करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।
सरस्वती घाट स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में सुबह मंगला आरती के बाद आचार्य पुरोहितों ने वेद मंत्रों, घंटा-घड़ियाल, शंखनाद के बीच महादेव को अबीर-गुलाल और रंग अर्पित किया। हर-हर महादेव के घोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा। मंदिर के सह व्यवस्थापक प्रवीण नौटियाल की देखरेख में गुलाब के फूलों से शृंगार हुआ। आचार्य सुशील तिवारी ने शृंगार आरती कराई। इस अवसर पर आचार्य रामचंद्र शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दारागंज स्थित भगवान वेणीमाधव मंदिर में पुरोहित अभिषेक दुबे, विजय तिवारी के आचार्यत्व में माधव को रंग अर्पित किया गया। बलुआघाट स्थित इस्कॉन मंदिर में अध्यक्ष आचार्यदास की देखरेख में कान्हा को अबीर गुलाल लगाया गया। मंदिर के साधकों ने हरिनाम संकीर्तन किया। इस अवसर पर वेणुविजय दास सहित बड़ी संख्या में मंदिर के साधक और भक्त उपस्थित रहे। दरियाबाद स्थित तक्षकेश्वर महादेव मंदिर, बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर, चौक गंगादास स्थित राधारमण मंदिर आदि में देव प्रतिमाओं को अबीर गुलाल अर्पित किया गया।
पर्व पत्र का लोकार्पण
प्रयाग राज सेवा समिति की ओर से प्रकाशित होने वाले पर्व पत्र का लोकार्पण रंग पंचमी सोमवार को हुआ। दारागंज स्थित भगवान वेणीमाधव में हुए लोकार्पण समारोह में संस्था के अध्यक्ष धर्मराज पांडेय, विष्णु दयाल श्रीवास्तव, सचिव तीर्थराज पांडेय, संरक्षक ध्रुवराज पांडेय आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता स्वामी शिवमंगल दास ने की। आभार केसी पांडेय ने किया। इस अवसर पर रामजी मिश्रा, भक्तराज पांडेय, कुलभास्कर श्रीवास्तव, शक्तिराज पांडेय, योगराज पांडेय, अशोक, पुष्पराज, आकाश निषाद आदि उपस्थित रहे।