क्षेत्र के मानस विहार अपार्टमेंट में शुक्रवार को आठवें तल से गिरने से आभूषण व्यवसायी भूपेंद्र सोनी की मौत हो गई थी। पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजनों ने शनिवार शाम करीब पौने चार बजे पोस्टमार्टम के बाद रीवा राजमार्ग पर दांदूपुर के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस के एफआईआर दर्ज करने के करीब एक घंटे बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया।
घूरपुर के चंपतपुर निवासी नेब्बू लाल सोनी का बेटा भूपेंद्र सोनी (30) सरंगापुर में आभूषण की दुकान चलाता था। पिता के अनुसार, शुक्रवार दोपहर किसी के फोन आने पर वह उससे मिलने निकला था। दोपहर दो बजे उन्हें घूरपुर पुलिस ने सूचना दी कि नैनी स्थित मानस विहार अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से वह गिर गया है।
पिता का आरोप है कि उसके बेटे को बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को अपार्टमेंट में नैनी थाने के दो उपनिरीक्षक मौजूद थे। जिन्होंने ही भूपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने मामले में देर रात एक युवक व दो युवतियों से थाने में पूछताछ की।
वहीं, शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद परिजन शव लेकरदांदुपुर के पास पहुंचे और राजमार्ग जाम कर दिया। चक्का जाम की सूचना पर एसीपी करछना कुंजलता, इंस्पेक्टर नैनी अविनाश कुमार सिंह, एसओ घूरपुर अतुल कुमार मिश्र पहुंचे। उनके समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त किया गया।
एसीपी करछना कुंजलता ने बताया कि मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का कारण स्पष्ट हो जाएगा। संवाद
अपार्टमेंट में रहने वालों के सत्यापन के लिए गठित हुई तीन टीम
मानस विहार अपार्टमेंट में संदिग्ध मौत के बाद वहां रहने वाले लोगों के सत्यापन के लिए शनिवार को नैनी पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। टीम ने अपार्टमेंट में रहने वालों का सत्यापन किया। इस दौरान अधिकतर फ्लैट में किरायेदार ही पाए गए। पुलिस ने सत्यापन के साथ ही शुक्रवार को हुई घटना की जानकारी भी लोगों से ली। संवाद
फोटो है।