इलाहाबाद (ब्यूरो)। हाईकोर्ट के बिजली ट्रांसफार्मर में बुधवार सुबह आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। आग लगने के कारण तेज धुआं उठा जिससे पहले तो लोगों में घबराहट फैल गई मगर मामला समझ में आने पर सब ने राहत की सांस ली। ट्रांसफार्मर जलने से न्यायालय परिसर में घंटों बिजली गुल रही। आपात कालीन व्यवस्था के तहत जनरेटर का उपयोग किया गया मगर उससे ज्यादा मदद नहीं मिल सकी।
बुधवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे हाईकोर्ट में ट्रांसफार्मर अचानक धू-धू कर जल उठा। आसमान में तेज धुआं उठता देख सुरक्षा में लगे सीआरपीएफ और पुलिस के जवान उस दिशा में भागे। अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की भीड़ लग गई। पता चला कि आग ट्रांसफार्मर में लगी है। इसकी सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। दमकल की टीम पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर जलने से पूरे हाईकोर्ट परिसर की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी और उमस के कारण अदालतों में मौजूद अधिवक्ता और न्यायमूर्ति पसीने से तरबतर हो गए। आग से अन्य कोई नुकसान हुआ। दिन में करीब डेढ़ बजे बिजली की आपूर्ति पुन: चालू कर दी गई।