हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में रविवार को 45 चक्रों की मतगणना पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए राधाकांत ओझा ने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार से 425 मतों की बढ़त बना ली थी। जबकि महासचिव पद पर एसडी सिंह जादौन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार मिश्रा आगे चल रहे थे। रविवार को अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और महासचिव पद के लिए कुल 45 सौ मतों की गिनती पूरी की गई, जबकि संयुक्त सचिव प्रशासन और लाइब्रेरी पद के लिए कुल 58 सौ वोट गिने जा चुके थे।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि मतगणना सुबह 10 बजे से शुरू हुई, जोकि शाम तकरीबन पांच बजे तक चली। संयुक्त सचिव प्रशासन और लाइब्रेरी पद के लिए संजय सिंह (संजय सोमवंशी) अपने प्रतिद्वंद्वी से 66 मतों से और लाइब्रेरी पद पर यादवेश यादव 185 मतों से आगे चल रहे थे। चेयरमैन ने कहा कि मतगणना के दौरान प्रत्याशियों की उपस्थिति जरूरी है। सोमवार को भी मतगणना सुबह 10 बजे से शुरू होगी जो शाम पांच बजे तक चलेगी।