प्रयागराज। देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में आरोपी बनाई गई खुल्दाबाद निवासी सना खान उर्फ वीर खान पर दर्ज मुकदमे की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी जा सकती है। पुलिस अफसरों का मानना है कि जिस तरह से उसने सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट किए, उससे इस मामले की बेहद बारीकी से जांच कराया जाना आवश्यक है। इसके लिए यह भी जरूरी है कि जांच किसी विशेष टीम से कराई जाए। यही वजह है कि अब मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने की तैयारी है।
खुल्दाबाद के नुरुल्लाह रोड निवासी सना उर्फ हीर खान को पुलिस ने तीन दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप है कि उसने यूट्यूब पर भडक़ाऊ वीडियो पोस्ट किए। इन वीडियो में धर्म विशेष के बारे में अपमानजनक बातें कही गई। एक दिन पहले ही उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में देशद्रोह समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने उसका लैपटॉप और मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है।
अफसरों का कहना है कि सना के सोशल मीडिया अकाउंट की प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह सामने आया है कि वह सऊदी अरब और पाकिस्तान जैसे देशों के कुछ लोगों के भी संपर्क में थी, जिसकी भनक लगते ही पुलिस की सूचना देने पर एटीएस की टीम ने भी उससे पूछताछ की थी।
पुलिस अफसरों का कहना है कि अब तक की जांच पड़ताल में फिलहाल कोई ऐसा तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे कि महिला का किसी संगठन से जुड़ाव की बात सामने आए। लेकिन, सोशल मीडिया पर उसकी गतिविधियों को देखते हुए इस प्रकरण की बेहद बारीकी से जांच कराए कराया जाना जरूरी है। सीमित संसाधन के कारण थाने की पुलिस के लिए ऐसा करना बहुत आसान नहीं है। यही वजह है कि अब मामले की जांच विशेष एजेंसी से कराए जाने पर विचार किया जा रहा है। एसएसपी अभिषेक दीक्षित का कहना है कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने पर विचार किया जा रहा है।
कोर्ट ने पुलिस रिमांड की मंजूर, पांच दिन होगी पूछताछ
प्रयागराज। यूट्यूब पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने के मामले में गिरफ्तार सना उर्फ हीर खान को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। शुक्रवार को खुल्दाबाद पुलिस की ओर से पुलिस रिमांड के लिए दी गई अर्जी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने इसे स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने पांच दिनों के लिए उसकी रिमांड अर्जी मंजूर की है। पुलिस ने बताया कि रिमांड अवधि 29 अगस्त से शुरू होकर दो सितंबर तक चलेगी। इस दौरान उससे पूछताछ की जाएगी।