थरवई के जैतवारडीह गांव निवासी हेड कांस्टेबल बलराम पाल (51) का सोमवार रात कमरे में फंदे से लटका शव मिला। परिजनों ने सुबह शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
बलराम पाल फतेहपुर खागा में 112 नंबर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह करीब एक महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे। सोमवार शाम को वह ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन रात 11 बजे घर लौट आए। सुबह परिजनों ने कमरे में उनका शव लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम की जांच के बाद शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बलराम पाल दो भाई और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। पत्नी पुष्पा पाल का रो-रो कर हाल बेहाल है। पोस्टमार्टम के बाद शाम को रसूलाबाद घाट पर सलामी के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी थरवई ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।