हंडिया में महिला व तीन बच्चों की मौत का मामला
हालात हत्या के बाद खुदकुशी की ओर कर रहे इशारा
प्रयागराज। हंडिया के असवां दाउदपुर गांव में महिला व उसके तीन बच्चों की संदिग्ध हाल में जांच शनिवार को भी जारी रही। पुलिस एक बार फिर घटनास्थल पर पहुंची और घंटों जांच की। घटना से संबंधित कुछ सामान भी कब्जे में लिए। पुलिस अभी कुछ स्पष्ट नहीं बोल रही है लेकिन सूत्रों की मानें तो जांच में सामने आए तथ्य भी हत्या के बाद खुदकुशी की ओर इशारा कर रहे हैं।
असवां दाउदपुर गांव में रहने वाली मंजू देवी(35) और उसके तीन मासूम बच्चे प्रिया(8), अन्नू(6) व रितिक(4) ,स्र एक दिन पहले संदिग्ध हाल में कमरे के भीतर मृत पड़े मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चों को नाक-मुंह दबाकर मारे जाने व महिला की करंट से मौत की बात सामने आई। शनिवार को एक बार फिर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान मृतका के मायकेपक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए थे। पुलिस ने न सिर्फ वादी बल्कि दरवाजा तोड़े जाने के प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के भी बयान दर्ज किए। सूत्रों की मानें तो इस दौरान भी यही बात सामने आई कि सुबह दरवाजा भीतर से बंद मिला था जिसे तोड़कर लोग कमरे में दाखिल हुए। पुलिस ने तोड़े गए कब्जे को एक बार फिर दरवाजे पर लगवा कर देखा कि बताए गए तरीके से उसे तोड़ा जा सकता था या नहीं। लेकिन इसमें भी ग्रामीणों की बात सही पाई गई। उधर महिला जिस जगह काम करती थी वहां पहुंचकर भी पुलिस ने पूछताछ की।
लेकिन किसी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आई। चार दिन बाद भी पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ स्पष्ट कह पाने की स्थिति में नहीं हैं। लेकिन सूत्रों की मानें तो हालात और परिस्थितिजन्य साक्ष्य हत्या के बाद खुदकुशी की ओर इशारा कर रहे हैं। मामले में एसपी गंगापार नरेंद्रप्रताप सिंंह ने बताया कि विवेचना जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
किस बात को लेकर परेशान थी मंजू
पुलिस विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद अब पता लगाने में जुटी है कि मंजू किस बात को लेकर परेशान थी। दरअसल घटना के बाद चचेरे भाई सुनील ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट व गैरइरादतन हत्या के आरोप में ससुरालपक्ष के छह लोगों को नामजद कराया था। मां समेत अन्य परिजन भी कह चुके हैं कि बेटी कई बार प्रताड़ित किए जाने की बात बता चुकी थी। शनिवार को दिल्ली से पहुंचे एक भाई ने भी पुलिस को यही बताया। ऐसे में प्रताड़ना के आरोपों को लेकर पुलिस बारीकी से जांच की जा रही है।