इलाहाबाद से आनंद विहार (दिल्ली) के लिए अत्याधुनिक कोच वाली हमसफर एक्सप्रेस मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। इसके सभी कोच इलाहाबाद मंडल को फरवरी के दूसरे सप्ताह तक मिल जाएंगे। सप्ताह में तीन दिन इसका संचालन इलाहाबाद से होगा। दिल्ली पहुंचने में तकरीबन आठ घंटे का वक्त लेगी। रेलवे ने हमसफर का सिर्फ कानपुर में ही स्टॉपेज करने का निर्णय लिया है।
दिल्ली जाने वाले तमाम यात्री लंबे समय से मांग कर रहे थे कि दुरंतो एक्सप्रेस हर रोज चलाई जाए। क्योंकि दुरंतो का संचालन सप्ताह में तीन दिन होता है। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने दुरंतो को नियमित करने की बजाय दिल्ली के लिए एक दूसरी एसी ट्रेन हमसफर चलाने की घोषणा पिछले वर्ष ही की थी, लेकिन इसके संचालन की तिथि मुकर्रर नहीं की।
बृहस्पतिवार को डीआरएम इलाहाबाद एसके पंकज ने बताया कि हमसफर की शुरुआत मार्च के पहले सप्ताह में हो जाएगी। इसके सभी कोच अत्याधुनिक हैं। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में सभी कोच एसी थ्री श्रेणी के रहेंगे। बाद में इसमें एसी टू और एसी फर्स्ट का कोच लगाया जा सकता है। इलाहाबाद से इस ट्रेन का नंबर 22437 एवं आनंद विहार से 22438 रहेगा। इलाहाबाद से सोमवार, बुधवार और शनिवार की रात 10.20 बजे चलकर हमसफर कानपुर रुकते हुए अगले दिन सुबह 6.15 बजे आनंद विहार पहुंच जाएगी। दिल्ली से हमसफर एक्सप्रेस मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं रविवार की रात 10.15 बजे चलकर सुबह 6.10 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी।
कानपुर शताब्दी की तर्ज पर दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस भी अपग्रेड होगी। रेलवे द्वारा इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इलाहाबाद मंडल के डीआरएम एसके पंकज ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि अभी हाल ही में कानपुर शताब्दी को अपग्रेड किया गया है। इसमें 50 लाख रुपये का खर्च आया था। ठीक उसी तर्ज पर इलाहाबाद से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस और कानपुर-नई दिल्ली श्रमशक्ति एक्सप्रेस को भी अपग्रेड किया जाएगा। डीआरएम ने बताया कि यात्री सुविधा के मद्देनजर इन दोनों ट्रेनों में कई सुविधाएं अगले छह माह के भीतर उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रयागराज और श्रमशक्ति में मिलेगी अब ये सुविधा
0 हर कोच में रहेगा डिस्प्ले बोर्ड। बोर्ड में ट्रेन की गति, समय, तारीख, तापमान की मिलेगी जानकारी।
0 जीपीएस के माध्यम से यात्री जान सकेंगे कि ट्रेन किस जगह पहुंच चुकी है।
0 सफर के दौरान हर कोच में ऑटोमेटिक परफ्यूम मशीन लगाई जाएगी, जो कुछ समय के अंतराल पर करेगी स्प्रे।
0 प्रत्येक कोच में इलाहाबाद और एनसीआर से जुड़े पर्यटन स्थनों की लगाई जाएंगी तस्वीरें ताकि सुंदर दिखाई दे कोच।
0 चाय एवं कॉफी के लिए सभी कोच में लगाई जाएगी वेंडिंग मशीन।
0 शौचालय की दीवारों की सुंदरता बढ़ाने के लिए विनायल ग्राफिक का होगा प्रयोग।